Jetour ने चीन के बाजार में अपनी T2 SUV का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च किया है. यह अपडेट इसलिए अहम है क्योंकि भारत में आने वाली JSW Combat इसी SUV पर आधारित बताई जा रही है. हालांकि, JSW ने Combat की लॉन्च तारीख या भारत में मिलने वाले स्पेसिफिकेशन को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है.
डिजाइन में क्या बदला
नई Jetour T2 में मौजूदा मॉडल के स्क्वायर हेडलैंप्स की जगह सर्कुलर हेडलाइट्स दी गई हैं. फ्रंट ग्रिल पर बड़े आकार में JETOUR बैजिंग मिलती है और पूरी चौड़ाई में लगी LED स्ट्रिप हेडलैंप्स से जुड़ी है. साइड प्रोफाइल में बड़े बदलाव नहीं किए गए हैं, लेकिन बॉडी-कलर्ड व्हील आर्च जोड़े गए हैं. पीछे की ओर 3D स्टाइलिंग वाली फोर-पॉइंट टेललाइट्स और नया रियर स्पॉयलर दिया गया है.
केबिन में डुअल वर्टिकल AC वेंट्स, सेंटर कंसोल पर दो स्मार्टफोन होल्डर और Qi वायरलेस चार्जिंग की सुविधा दी गई है. SUV में 15.6-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 23-स्पीकर सराउंड साउंड सिस्टम और 10-वे पावर-एडजस्टेबल सीटें मिलती हैं. सीटों में 8-पॉइंट मसाज फंक्शन भी दिया गया है.
इंजन और PHEV विकल्प
बेस वेरिएंट में 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन है, जो 184 PS पावर और 290 Nm टॉर्क देता है. इसके साथ 7-स्पीड डुअल-क्लच ट्रांसमिशन मिलता है. 2.0-लीटर पेट्रोल इंजन 254 PS पावर और 390 Nm टॉर्क देता है.
Jetour T2 i-DM PHEV में 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन 156 PS पावर और 220 Nm टॉर्क के साथ दिया गया है. 26.61 kWh बैटरी वाला संस्करण 108 किलोमीटर और 45.12 kWh बैटरी वाला संस्करण 173 किलोमीटर की इलेक्ट्रिक रेंज बताई गई है. भारत में JSW Combat की संभावित कीमत 30 से 50 लाख रुपये के बीच रहने की चर्चा है, लेकिन इसकी पुष्टि कंपनी ने नहीं की है.
