झांसी में ललितपुर-रक्सा बाईपास पर दुर्गापुर के पास हुए सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान 15 वर्षीय राज, 16 वर्षीय आयुष और 23 वर्षीय हर्ष के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, तीनों बाइक से ललितपुर जिले के तालबेहट में शादी के कार्ड बांटकर झांसी लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े डंपर के पिछले हिस्से में जा घुसी.

टक्कर के बाद बाइक डंपर में फंस गई और तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से झांसी मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में ले जाया गया. वहां ईसीजी जांच के बाद डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

बहन की शादी के लिए बांट रहे थे कार्ड

राज प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पुलिया नंबर नौ का निवासी था. उसकी इकलौती बहन काजल की शादी 25 नवंबर को होनी है. परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और राज अपने दोस्तों के साथ रिश्तेदारों व परिचितों को निमंत्रण देने तालबेहट गया था. परिजनों के मुताबिक, तीनों दोपहर में घर से निकले थे और कार्ड बांटने के बाद शाम को वापस लौट रहे थे.

हादसे के बाद राज के घर में शादी की तैयारियों की जगह मातम छा गया. परिजनों और पड़ोसियों के मुताबिक, हादसे की सूचना एक फोन कॉल के जरिए परिवार तक पहुंची. इसके बाद परिजन और मोहल्ले के लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे.

पिता ने आयुष को बाइक से जाने से मना किया था

आयुष के पिता संतोष कुमार ने बताया कि उन्होंने बेटे को बाइक से जाने के बजाय बस से जाने की सलाह दी थी, लेकिन आयुष दोस्तों के साथ बाइक से चला गया. रात में परिवार को सड़क हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे.

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बाइक की रफ्तार तेज होने की बात कही है, हालांकि हादसे की आधिकारिक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.