झारखंड में चक्रवात ‘अरनब’ के प्रभाव से 28 से 30 अक्टूबर तक भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर रहने की चेतावनी दी गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, यह बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान बुधवार को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है. इसके प्रभाव से झारखंड में बाढ़, जलभराव और तेज हवाओं का खतरा बढ़ सकता है.

आईएमडी ने 28 अक्टूबर सुबह 8:30 बजे से अगले 24 घंटे के लिए रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां तथा पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग ने लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने को कहा है.

इसके बाद बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना जताई गई है. 30 अक्टूबर की सुबह तक गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. आईएमडी ने शुक्रवार तक व्यापक गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की आशंका भी बताई है.

रांची में निचले इलाकों पर निगरानी

रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों को शहरी बाढ़ की आशंका वाले निचले इलाकों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया है. जिला प्रशासन के अनुसार, शहर की सड़कों और निचले क्षेत्रों में जलभराव हो सकता है. कृषि क्षेत्रों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है.

प्रशासन ने बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. तेज हवाओं के दौरान अस्थायी झोपड़ियों और कमजोर संरचनाओं को नुकसान का जोखिम बताया गया है. ऐसे इलाकों में रहने वाले लोगों को स्थानीय चेतावनियों पर ध्यान देने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है.

आईएमडी के मुताबिक, तूफान 8:30 बजे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में विशाखापत्तनम से करीब 220 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में केंद्रित था और पिछले छह घंटों में लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा था.