झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाने में एक महिला से दुष्कर्म के आरोप में कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी थाने में वायरलेस ऑपरेटर के रूप में तैनात था. घटना 29 अक्टूबर की रात की बताई गई है.
पुलिस के मुताबिक, महिला का अपने पति से विवाद हुआ था और उसे मारपीट की आशंका थी. इसके बाद वह पड़ोसी के घर गई और मोबाइल फोन से पुलिस से संपर्क किया. PCR वैन उसे थाने लेकर पहुंची, जहां ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे आराम करने के लिए एक कमरा दिया. महिला ने आरोप लगाया कि इसी कमरे में कांस्टेबल ने उसके साथ दुष्कर्म किया.
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने मामले की जांच का निर्देश सरायकेला के अनुमंडल पुलिस अधिकारी अनुभव भारद्वाज को दिया. जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
लापरवाही, गैर-जिम्मेदाराना आचरण और अनुशासनहीनता के आरोप में थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है. सभी को पुलिस लाइन भेज दिया गया है. पुलिस ने आरोपी के कपड़े जब्त किए हैं और उन्हें फोरेंसिक जांच के लिए रांची स्थित प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की है. मामले की जांच जारी है.
