झारखंड के गढ़वा जिले में सड़क हादसे में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सुरक्षा में तैनात BSF जवान दीपक गुप्ता की मौत हो गई. दीपक छुट्टी लेकर अपने घर भवनाथपुर आए हुए थे. गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें एयरलिफ्ट कर दिल्ली AIIMS ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.

हादसा भवनाथपुर थाना क्षेत्र में भवनाथपुर-श्रीबंशीधर नगर मुख्य मार्ग पर छहमाइलवा विद्युत सब स्टेशन के पास हुआ. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सोमवार को दीपक किसी काम से घर से निकले थे. इसी दौरान उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई.

टक्कर में दीपक गुप्ता और दूसरी बाइक पर सवार बुका गांव निवासी विकास राउत गंभीर रूप से घायल हुए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया.

दीपक की हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली AIIMS ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. जवान की मौत की खबर से भवनाथपुर स्थित उनके परिवार में मातम छा गया और इलाके में शोक का माहौल है.

पुलिस ने हादसे में क्षतिग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने दीपक गुप्ता के निधन पर शोक जताया है.