छत्तीसगढ़ की झीरम घाटी में 25 मई 2013 को हुआ माओवादी हमला राज्य के कांग्रेस नेतृत्व पर सबसे घातक हमलों में गिना जाता है. कांग्रेस नेताओं का काफिला एक परिवर्तन रैली से लौट रहा था, तभी शाम करीब 4:15 बजे सड़क पर विस्फोट कर उसे रोक दिया गया. इसके बाद 200 से अधिक हथियारबंद माओवादियों ने गोलीबारी और विस्फोटकों से हमला किया.

हमला करीब एक घंटे तक चला. इसमें कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार पटेल, उनके बेटे दिनेश पटेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल समेत 29 लोगों की मौत हुई थी. 35 लोग घायल हुए थे.

जांच में सामने आया कि हमलावरों ने इलाके की भौगोलिक स्थिति, काफिले की गति और मोबाइल नेटवर्क की अनुपलब्धता का अध्ययन किया था. सड़क के दोनों ओर पेड़ गिराकर मदद पहुंचने के रास्ते भी रोके गए थे.

राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने मामले में 11 माओवादियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से एक की सुनवाई के दौरान मौत हो गई. करीब 13 साल चले मुकदमे में 101 गवाहों से पूछताछ हुई. विशेष NIA अदालत ने 10 दोषियों को मौत की सजा सुनाई है. सजा पर अमल के लिए हाई कोर्ट की मंजूरी जरूरी होगी और दोषियों को 30 दिनों में अपील का अधिकार है.