हरियाणा के जींद में रोहतक रोड स्थित HP गैस बॉटलिंग प्लांट के पास शनिवार रात LPG से भरे एक कैप्सूल ट्रक में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेज थी कि ट्रक पूरी तरह जल गया. घटना रात करीब 11 बजे की बताई गई है.

टैंकर के पास इंडियन ऑयल का पेट्रोल पंप भी मौजूद था, लेकिन आग की लपटें वहां तक नहीं पहुंचीं. राहत की बात यह रही कि टैंकर में विस्फोट नहीं हुआ. आग की खबर फैलने के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ परिवार बच्चों को लेकर दूसरे गांवों की ओर चले गए. प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराया.

सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं. आग की गंभीरता को देखते हुए जींद और आसपास के जिलों से 10 से ज्यादा दमकल गाड़ियां बुलाई गईं. दमकल कर्मचारियों ने करीब दो से तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. एहतियात के तौर पर आसपास के गांवों में 15 से 20 दमकल गाड़ियां भी तैनात की गई थीं.

प्रारंभिक जानकारी में कुछ लोगों द्वारा टैंकर से अवैध रूप से गैस निकालने की कोशिश के दौरान आग लगने की आशंका जताई गई है. हालांकि, पुलिस के मुताबिक आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है और जांच जारी है. हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है.