Jio ने Canva के साथ साझेदारी की है, जिसके तहत पात्र ग्राहकों को Canva Pro या Canva Pro Lite का 12 महीने तक का सब्सक्रिप्शन बिना अतिरिक्त शुल्क मिलेगा. यह ऑफर 16 सितंबर 2026 से उपलब्ध होगा और इसकी अधिकतम कीमत 4,000 रुपये तक बताई गई है.

किस ग्राहक को कौन-सा सब्सक्रिप्शन मिलेगा, यह उसके Jio रिचार्ज प्लान पर निर्भर करेगा. 399 रुपये वाले Jio प्लान पर Canva Pro का लाभ मिलेगा. वहीं 349 रुपये वाले प्लान और 349 रुपये से अधिक कीमत वाले पात्र 2GB प्रतिदिन डेटा प्लान पर Canva Pro Lite दिया जाएगा.

ऑफर लेने के लिए पात्र ग्राहकों को MyJio ऐप खोलकर Canva ऑफर खोजना होगा और उसे सक्रिय करना होगा. कंपनियों के मुताबिक, पात्र सब्सक्रिप्शन के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क या छिपी हुई लागत नहीं होगी. ऑफर समर्थित Jio रिचार्ज चैनलों पर उपलब्ध कराया जाएगा.

Pro और Pro Lite में अंतर

Canva Pro में प्रीमियम टेम्पलेट, फोटो, वीडियो और फॉन्ट के अलावा वन-टैप बैकग्राउंड रिमूवर, Magic Eraser और AI आधारित क्रिएटिव टूल शामिल हैं. इनमें बातचीत के जरिए डिजाइन तैयार करने वाला फीचर भी शामिल है.

Canva Pro Lite में भी प्रीमियम टेम्पलेट, फोटो, वीडियो, फॉन्ट, बैकग्राउंड रिमूवल और Magic Eraser जैसे कई फीचर मिलते हैं. हालांकि, इसमें कुछ उन्नत सुविधाएं सीमित हैं. उदाहरण के लिए, Pro Lite में तीन Brand Kit तक का बेसिक सपोर्ट है, जबकि Canva Pro में पांच एडवांस Brand Kit का विकल्प मिलता है. Pro प्लान में Content Planner, Magic Resize और अधिक AI उपयोग सीमा जैसी सुविधाएं भी हैं.

कंपनियों के अनुसार, इस साझेदारी का उद्देश्य मोबाइल से स्कूल प्रोजेक्ट, सोशल मीडिया पोस्ट, प्रेजेंटेशन, मार्केटिंग सामग्री और त्योहारों की शुभकामनाएं तैयार करना आसान बनाना है. Canva ने हिंदी सहित कई भारतीय भाषाओं में सामग्री बनाने का समर्थन भी बताया है.