जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाई कोर्ट ने पब्लिक सेफ्टी एक्ट (PSA) के तहत जारी एक निवारक हिरासत आदेश में कथित अस्पष्टता पर सवाल उठाते हुए श्रीनगर के डिप्टी कमिश्नर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया है. मामला 28 वर्षीय जुबैर अमीन बांगरू की हिरासत से जुड़ा है.
एकल पीठ के न्यायमूर्ति वसीम नरगल ने कहा कि निवारक हिरासत में किसी व्यक्ति को नियमित आपराधिक मुकदमे के बिना स्वतंत्रता से वंचित किया जाता है. इसलिए ऐसे मामलों में संवैधानिक जिम्मेदारी और प्रक्रियात्मक सावधानी का सर्वोच्च स्तर जरूरी है.
अदालत के निर्देश के अनुसार, डिप्टी कमिश्नर को हिरासत आदेश, पुलिस डोजियर, उनके सामने रखी गई सामग्री और उस रिकॉर्ड के साथ उपस्थित होना होगा, जिससे यह पता चले कि उन्होंने मामले पर स्वतंत्र रूप से विचार किया और हिरासत का आदेश देने से पहले अपनी संतुष्टि दर्ज की.
बांगरू ने 13 जनवरी 2026 के हिरासत आदेश को चुनौती देते हुए बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की है. उनके वकील निदा नाजिर ने अदालत में कहा कि आरोप अस्पष्ट हैं और उनके खिलाफ कोई FIR दर्ज नहीं की गई है.
हिरासत आदेश में बांगरू पर आतंकियों से करीबी संबंध रखने, उन्हें लॉजिस्टिक और नैतिक समर्थन देने तथा अपने घर और अन्य सुरक्षित ठिकानों का इस्तेमाल छिपने के लिए करने का आरोप लगाया गया है. हालांकि, आदेश में कथित आतंकियों, नेटवर्क या संबंधित सहयोगियों के नाम नहीं बताए गए हैं.
अदालत ने विशेष रूप से ‘aforementioned terrorists’ यानी ‘उपर्युक्त आतंकियों’ वाक्यांश पर ध्यान दिया. पीठ के अनुसार, आदेश में इससे पहले किसी आतंकवादी की पहचान या नाम का उल्लेख नहीं था. अदालत ने पूछा कि क्या डिप्टी कमिश्नर ने हिरासत के आधारों का स्वतंत्र रूप से गठन किया या पुलिस डोजियर को ही दोहरा दिया.
पीठ ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 21 और 22 में दिए गए सुरक्षा उपाय महज औपचारिकताएं नहीं हैं. अदालत ने यह भी कहा कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता का संवैधानिक व्यवस्था में सर्वोच्च महत्व है और एक दिन के लिए भी स्वतंत्रता छिनना ऐसा नुकसान है, जिसकी भरपाई बाद में केवल रिहाई से नहीं हो सकती.
