राजस्थान के जोधपुर के बासनी औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार शाम एक हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में लगी आग बुझाने के दौरान हुए धमाके में 14 दमकलकर्मी घायल हो गए. अधिकारियों के अनुसार, इनमें आठ कर्मचारी 50 फीसदी से अधिक झुलसे हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

आग की सूचना शाम करीब 5:30 बजे मिली थी. इसके बाद अलग-अलग दमकल केंद्रों से 10 फायर टेंडर मौके पर भेजे गए. फैक्ट्री परिसर में रखे ज्वलनशील केमिकल और थिनर के ड्रमों में आग लगने के बाद कई धमाके हुए, जिससे राहत और बचाव अभियान प्रभावित हुआ.

घायलों को पहले AIIMS जोधपुर ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद 12 दमकलकर्मियों को महात्मा गांधी अस्पताल की बर्न यूनिट में भेजा गया, क्योंकि AIIMS में अलग बर्न यूनिट उपलब्ध नहीं है. गंभीर घायलों के लिए अस्पताल में अलग ICU और विशेषज्ञ चिकित्सा टीम की व्यवस्था की गई है.

प्रशासन के मुताबिक, फैक्ट्री रिहायशी इलाके में चल रही थी और एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया. पुलिस फैक्ट्री के स्वामित्व और ज्वलनशील रसायनों के भंडारण की अनुमति से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है.

जिला कलेक्टर और पुलिस आयुक्त ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया. आग पर पूरी तरह काबू पाने और घटना के कारणों की जांच के प्रयास जारी रहे.