जोधपुर एयरबेस पर बहुराष्ट्रीय वायुसेना अभ्यास ‘तरंग शक्ति-2026’ शनिवार से शुरू हो गया. यह अभ्यास 12 अक्टूबर तक चलेगा. भारत समेत आठ देशों की वायुसेनाएं इसमें हिस्सा ले रही हैं. आयोजकों के अनुसार, अभ्यास के लिए करीब 100 विमान और 32 पर्यवेक्षक जोधपुर पहुंच चुके हैं, जबकि 3,000 से अधिक एयर वॉरियर्स इसमें शामिल होंगे.

अभ्यास में राफेल, तेजस, सुखोई-30 एमकेआई, एफ-35, एफ-16 और हवा में ईंधन भरने वाले एयर-टू-एयर रिफ्यूलर जैसे विमान भाग ले रहे हैं. इन विमानों के जरिए अलग-अलग अभियानों में परिचालन क्षमताओं का प्रदर्शन किया जाएगा. अभ्यास में जोधपुर के अलावा पश्चिमी सीमा क्षेत्र के चार से पांच एयरबेस के शामिल होने की जानकारी दी गई है.

भारतीय वायुसेना ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मिली सीख का भी इस अभ्यास में अध्ययन करेगी. अभ्यास के तहत विमान अपने निर्धारित अभियानों के अनुसार उड़ान भरेंगे और लक्ष्यभेदी क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगे.

फ्रांस की वायु रक्षा और वायु संचालन कमान के डिप्टी कमांडर जुलियन साबे ने कहा कि यह अभ्यास फ्रांस के लिए महत्वपूर्ण है. उन्होंने बताया कि फ्रांस ‘पैगासस-26’ मिशन के तहत चार लड़ाकू विमान भारत लाया है और भारतीय वायुसेना के साथ अभ्यास के लिए उसके पास कुल सात राफेल विमान होंगे. उन्होंने दोनों देशों के बीच सर्वोत्तम प्रक्रियाओं के आदान-प्रदान की बात भी कही.