असम के जोरहाट में सेना के एक ड्राइवर का सीट बेल्ट नहीं पहनने के आरोप में चालान काटे जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया. घटना 18 नवंबर को एटी रोड स्थित इंटर-स्टेट बस टर्मिनल के पास सड़क सुरक्षा जांच के दौरान हुई.

अधिकारियों के अनुसार, ड्राइवर जोरहाट मिलिट्री स्टेशन के 41 सब-एरिया से जुड़ा था और आधिकारिक ड्यूटी पर एक अन्य जूनियर सैन्यकर्मी के साथ जा रहा था. मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर समीम सुल्ताना ने कथित सीट बेल्ट उल्लंघन के लिए चालान जारी किया था.

जिला परिवहन अधिकारी धनंजय सैकिया ने स्पष्ट किया कि चालान वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने के आरोप में नहीं काटा गया था. उन्होंने कहा कि सेना के कर्मी सैन्य वाहनों के लिए Army driving licence का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन यह लाइसेंस निजी वाहनों के लिए मान्य नहीं होता.

घटना से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आया. अधिकारियों ने MVI के व्यवहार को उचित नहीं माना और उन्हें एक-दो दिन के लिए ड्यूटी से हटाने की बात कही.

जोरहाट जिला प्रशासन ने सेना के जवानों को हुई असुविधा और अनपेक्षित परेशानी पर खेद जताया. प्रशासन ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन जारी रहेगा, लेकिन सशस्त्र बलों, आपात सेवाओं और एंबुलेंस के वाहनों से कार्रवाई के दौरान अधिक सावधानी, संवेदनशीलता और बेहतर समन्वय बरता जाना चाहिए.