सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस अभय ओका ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर चेतावनी दी है. ठाणे में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अगर पर्यावरण बचाने के लिए जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो अगले 20 से 25 वर्षों में बड़े शहरों के लोगों को मास्क पहनने पर मजबूर होना पड़ सकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति किसी महामारी के बिना भी पैदा हो सकती है.

जस्टिस ओका ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के सामने पर्यावरण की रक्षा सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक होगी. उनके मुताबिक, समाज में यह गलतफहमी बढ़ रही है कि धरती पर इंसानों का मालिकाना हक है. इसी सोच के कारण पेड़ों की बेहिसाब कटाई, पटाखों का अत्यधिक इस्तेमाल, वायु और ध्वनि प्रदूषण तथा नदियों, झीलों और समुद्रों के प्रदूषण जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं.

उन्होंने कहा कि कई बार धर्म और समाज के नाम पर भी पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियां होती हैं. जस्टिस ओका के अनुसार, इंसान प्रकृति का मालिक नहीं है. पर्यावरण और इकोसिस्टम की रक्षा करना कोई विकल्प नहीं, बल्कि संविधान में बताए गए मौलिक कर्तव्यों का हिस्सा है. उन्होंने लोगों से ऐसा नुकसान रोकने की अपील की, जिसकी भरपाई संभव न हो.

छात्रों और युवाओं को दी सलाह

कार्यक्रम में छात्रों से बातचीत करते हुए जस्टिस ओका ने कहा कि वे शोध और डेटा जुटाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद ले सकते हैं. हालांकि, अपने विचारों को शब्दों में ढालने का काम उन्हें खुद करना चाहिए.

उन्होंने युवाओं को कानून की पढ़ाई के लिए भी प्रेरित किया. उन्होंने बताया कि देश की 27 नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज में 55 से 60 फीसदी दाखिले लड़कियों के होते हैं. मॉक ट्रायल, बहस और फैसले लिखने जैसी प्रतियोगिताओं में भी छात्राएं आगे रहती हैं. उनके मुताबिक, न्यायिक नियुक्तियों में महिलाओं की हिस्सेदारी भी बढ़ रही है.