सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस आदर्श कुमार गोयल ने कहा है कि बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों के लिए कठोर सजा जरूरी है, लेकिन झूठे मामले में फंसाए गए व्यक्ति की सुरक्षा के लिए भी प्रभावी कानूनी व्यवस्था होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि आपराधिक मामला दर्ज होते ही किसी व्यक्ति की सामाजिक प्रतिष्ठा, परिवार, व्यवसाय और भविष्य प्रभावित हो सकता है. बाद में पांच या दस साल के भीतर अदालत से बरी होने पर भी हुआ नुकसान पूरी तरह खत्म नहीं होता.

जस्टिस गोयल ने यह बात नई दिल्ली के ओपी जिंदल ऑडिटोरियम में आयोजित एकम न्याय कॉन्फ्रेंस 2026 के दूसरे संस्करण में कही. उनके अनुसार, झूठे आरोपों के मामलों में गिरफ्तारी, जेल, सामाजिक अपमान, आर्थिक नुकसान और पारिवारिक विघटन जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं. उन्होंने राजेश शर्मा बनाम उत्तर प्रदेश राज्य मामले का उल्लेख करते हुए वैवाहिक विवादों में अनावश्यक गिरफ्तारी रोकने और निष्पक्ष जांच से जुड़े न्यायिक प्रयासों पर बात की.

उन्होंने कहा कि कानून बनाने की जिम्मेदारी संसद और विधानसभाओं की है, जबकि न्यायपालिका का दायित्व कानून की उचित व्याख्या और निष्पक्ष क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है. उनके मुताबिक, उपयुक्त मामलों में तत्काल गिरफ्तारी के बजाय दोनों पक्षों को सुनना, प्रारंभिक तथ्य-जांच और निष्पक्ष प्रक्रिया जैसे सुरक्षा उपायों पर विचार किया जा सकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कानूनों के कथित दुरुपयोग पर चर्चा महिलाओं के अधिकारों के विरोध के तौर पर नहीं देखी जानी चाहिए. वास्तविक पीड़ितों को न्याय मिलने के साथ निर्दोष लोगों को अन्याय से बचाना भी न्याय व्यवस्था की जिम्मेदारी है.

वैवाहिक विवाद और बच्चों के हित पर जोर

जस्टिस गोयल ने वैवाहिक मुकदमों, पारिवारिक विवादों और झूठे मामलों की आशंका से विवाह को लेकर पैदा हो रहे डर पर चिंता जताई. उन्होंने परिवार और बच्चों के भावनात्मक विकास में माता-पिता की भूमिका का उल्लेख करते हुए पैरेंटल एलियनेशन पर भी ध्यान देने की जरूरत बताई. उन्होंने तकनीकी प्रगति के साथ मानवीय संवेदनाओं और नैतिक मूल्यों को बनाए रखने की आवश्यकता पर भी बात की.

दिल्ली हाईकोर्ट की पूर्व जस्टिस पूनम ए. बंबा ने कहा कि वैवाहिक विवादों में वकीलों की भूमिका केवल मुकदमा लड़ने तक सीमित नहीं होनी चाहिए. जहां संभव हो, उन्हें दंपतियों के बीच संवाद और सौहार्दपूर्ण समाधान की कोशिश करनी चाहिए. उन्होंने पारिवारिक अदालतों से बच्चों के हितों और संवेदनशील समाधान पर ध्यान देने की अपील की. उनके अनुसार, विवाह से पहले भावी दंपतियों को अपनी अपेक्षाओं, मतभेदों, रुचियों और पारिवारिक जिम्मेदारियों पर खुलकर बातचीत करनी चाहिए. उन्होंने प्री-लिटिगेशन काउंसलिंग को भी महत्वपूर्ण बताया.

सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता विकास नागवान ने कहा कि आरोप लगने की खबरों को अक्सर प्रमुखता मिलती है, जबकि वर्षों बाद बरी होने की खबर को उतना स्थान नहीं मिलता. उन्होंने जिम्मेदार पत्रकारिता, निर्दोष माने जाने के सिद्धांत और आरोपित व्यक्तियों की गरिमा की रक्षा पर जोर दिया.

सम्मेलन में यौन हिंसा, झूठे आरोप, मैरिटल रेप, कानूनों के कथित दुरुपयोग, पुलिस और अदालतों की भूमिका तथा मीडिया कवरेज पर अलग-अलग सत्र हुए. एकम न्याय फाउंडेशन की संस्थापक दीपिका नारायण भारद्वाज ने कहा कि पुरुषों से जुड़े मुद्दों, पारिवारिक विवादों, बच्चों से अलगाव और लंबी कानूनी लड़ाइयों पर भी निष्पक्ष राष्ट्रीय संवाद जरूरी है. सम्मेलन का घोषित संदेश था कि न्याय वास्तविक पीड़ितों की रक्षा के साथ हर नागरिक के अधिकारों और गरिमा को समान महत्व दे.