सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई ने न्यायाधीशों की नियुक्ति और तबादलों में सामाजिक प्रतिनिधित्व को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखा है. 27 नवंबर को लिखे पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेजियम की हालिया सिफारिशों में एक खास समुदाय को अपेक्षाकृत अधिक प्राथमिकता दी जा रही है.

पत्र के अनुसार, 2018 से अब तक हाईकोर्टों में 715 न्यायाधीश नियुक्त किए गए. इनमें 22 अनुसूचित जाति, 16 अनुसूचित जनजाति, 89 अन्य पिछड़ा वर्ग और 37 अल्पसंख्यक समुदायों से हैं. गवई के मुताबिक, करीब 75% नियुक्तियां सामान्य वर्ग से हुईं.

उन्होंने दावा किया कि जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच हाईकोर्ट नियुक्तियों में सामान्य वर्ग की हिस्सेदारी लगभग 80% रही, जबकि अन्य पिछड़ा वर्ग को 14% से भी कम पद मिले. गवई ने कहा कि SC, ST, OBC, अल्पसंख्यक समुदायों और महिलाओं को न्यायाधीश बनने के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं.

कॉलेजियम की जवाबदेही पर सवाल

गवई ने कहा कि संविधान के तहत सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्ति राष्ट्रपति करते हैं, लेकिन नामों की सिफारिश में कॉलेजियम की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. इसके बावजूद कॉलेजियम के कामकाज और उसके फैसलों की जवाबदेही तय करने की स्पष्ट व्यवस्था नहीं है.

उन्होंने कहा कि न्यायपालिका में सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व देना केवल कॉलेजियम ही नहीं, बल्कि सरकार और संसद की भी जिम्मेदारी है.

पूर्व CJI ने न्यायाधीशों के तबादलों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने पत्र में ऐसे मामलों का उल्लेख किया, जिनमें कथित तौर पर सजा के तौर पर किए गए तबादले के बाद संबंधित न्यायाधीश को प्रतिष्ठित हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया. उन्होंने यह भी पूछा कि कुछ मुख्य न्यायाधीशों को बड़े हाईकोर्ट से छोटे हाईकोर्ट और कुछ को छोटे से बड़े हाईकोर्ट में भेजने के फैसलों में योग्यता का आकलन किस आधार पर किया गया.

गवई ने स्पष्ट किया कि वह किसी समुदाय के लोगों की नियुक्ति के विरोध में नहीं हैं. उनका कहना है कि सभी वर्गों के बीच संतुलन जरूरी है. उन्होंने राष्ट्रपति से इस मामले में उचित कदम उठाने की अपील की है.