पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज जस्टिस संजय किशन कौल ने पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ पर न्यायिक नियुक्तियों के मामलों में सरकार के प्रति जरूरत से ज्यादा नरमी बरतने का आरोप लगाया है. कौल ने यह बात अपनी आगामी किताब ‘Without Fear Or Favour’ और पत्रकार करण थापर को दिए एक इंटरव्यू में कही है.
कौल के अनुसार, CJI के रूप में चंद्रचूड़ की न्यायिक और प्रशासनिक भूमिकाएं अलग थीं. उन्होंने कहा कि चंद्रचूड़ में न्यायिक मामलों को संभालने की क्षमता, बौद्धिक योग्यता और मेहनत थी, लेकिन सरकार से परामर्श और सहयोग के मामले में उन्हें लगा कि चंद्रचूड़ “जरूरत से ज्यादा deferential” थे. कौल ने यह भी कहा कि सरकार से बातचीत में कोई समस्या नहीं है, लेकिन collegium के निर्णय के बाद परामर्श होना चाहिए, उससे पहले नहीं.
कौल ने दावा किया कि एक collegium बैठक के दौरान चंद्रचूड़ ने उनसे पूछा था कि क्या प्रस्तावित नियुक्तियों पर सरकार की राय जानने के लिए उसे फोन करना चाहिए. कौल ने कहा कि नियुक्तियों पर collegium की चर्चा से पहले सरकार से मंजूरी या राय लेने की प्रक्रिया चिंता का विषय है.
लंबित मामले को दूसरी पीठ को सौंपने का दावा
कौल ने यह भी कहा कि PMLA के प्रावधानों की वैधता की दोबारा जांच से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई से उन्हें रोका गया. उनके मुताबिक, उनकी अध्यक्षता वाली पीठ ने collegium की ओर से भेजे गए न्यायाधीशों की नियुक्ति संबंधी प्रस्तावों पर देरी को लेकर सवाल उठाए थे. इसके बाद वह मामला उनकी पीठ से हटा दिया गया और पिछले तीन वर्षों में सूचीबद्ध नहीं हुआ.
20 नवंबर 2023 को जस्टिस कौल और जस्टिस सुधांशु धूलिया की पीठ ने केंद्र से गुजरात हाई कोर्ट के चार न्यायाधीशों के तबादले और पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के लिए दो सिख वकीलों की नियुक्ति संबंधी collegium की सिफारिशों पर देरी को लेकर सवाल किया था. कौल ने कहा कि मामला अचानक हटाया जाना उन्हें सबसे अधिक परेशान करने वाली घटनाओं में से एक था.
पूर्व CJI चंद्रचूड़ ने इन दावों के जवाब में कहा कि सुप्रीम कोर्ट में नियुक्तियों को लेकर collegium के किसी भी सदस्य ने किसी नाम पर असहमति दर्ज नहीं की थी. उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में सुप्रीम कोर्ट में नियुक्तियों से जुड़े प्रस्ताव collegium के सभी सदस्यों की सहमति और हस्ताक्षर के बाद आगे बढ़े थे.
कौल ने यह भी कहा कि चंद्रचूड़ से उम्मीदें बहुत अधिक थीं और वह उन अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरे नहीं उतरे.
