सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस विक्रम नाथ ने कहा है कि न्यायिक प्रक्रिया में करुणा को पक्षपात या नरमी समझना गलत है. उनके अनुसार, करुणामय न्याय का अर्थ कानूनी विवाद में शामिल लोगों की मानवीय परिस्थितियों को समझना है, न कि सबूतों और कानून की अनदेखी करना.

जस्टिस नाथ ने यह बात प्रोफेसर (डॉ.) एनआर माधव मेनन मेमोरियल लेक्चर के दूसरे आयोजन में कही. इस साल के व्याख्यान का विषय ‘Judging with Compassion: Human Understanding in the Practice of Law’ था.

उन्होंने कहा कि करुणा का मतलब किसी कमजोर पक्ष के पक्ष में केवल उसकी स्थिति के आधार पर फैसला देना या भावनाओं को सबूतों पर हावी होने देना नहीं है. उन्होंने कहा कि करुणा का विपरीत सख्ती नहीं, बल्कि उदासीनता है. उनके मुताबिक, न्यायाधीश को निष्पक्ष रहना चाहिए, लेकिन मानवीय परिणामों से उदासीन नहीं होना चाहिए.

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष जस्टिस नाथ ने न्यायिक प्रक्रियाओं के लोगों पर पड़ने वाले असर का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि गवाही के दौरान अपने आघात को दोबारा याद करने वाली पीड़िता या कार्यवाही की भाषा न समझ पाने वाले litigant के लिए प्रक्रिया ही न्याय का वास्तविक अनुभव बन जाती है.

यौन हिंसा से बचे लोगों और बाल गवाहों से जुड़े मामलों में उन्होंने trauma-informed courtroom की जरूरत बताई. साथ ही स्पष्ट किया कि ऐसा न्यायालय ‘नरम न्यायालय’ नहीं होता और इससे न्यायिक मानकों से समझौता नहीं होना चाहिए.

उन्होंने मीडिया ट्रायल और जनभावना के दबाव से सावधान करते हुए कहा कि अदालत को हर पक्ष को समझना चाहिए, लेकिन किसी एक पक्ष की समर्थक नहीं बनना चाहिए.