पूर्व न्यायाधीश जस्टिस यशवंत वर्मा ने कहा है कि उनका इस्तीफा उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों या जांच समिति के निष्कर्षों की स्वीकृति नहीं है. लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह को 10 सितंबर को भेजे पत्र में उन्होंने खुद को आरोपों से निर्दोष बताया और कहा कि इस्तीफे के बाद उन्हें पद से हटाने की कार्यवाही का संवैधानिक आधार नहीं बचता.
पत्र में जस्टिस वर्मा ने कहा कि उनके इस्तीफे के साथ पद से हटाने से जुड़ी कार्यवाही समाप्त हो गई और इसे आगे जारी नहीं रखा जा सकता. उन्होंने जांच समिति की रिपोर्ट पर आगे टिप्पणी करने या किसी अतिरिक्त प्रक्रिया में शामिल होने से भी इनकार किया तथा पत्र और उसके संलग्न दस्तावेज दोनों सदनों के सदस्यों के सामने रखने का अनुरोध किया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जस्टिस वर्मा ने 9 अप्रैल 2026 को तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दिया था. इसके बावजूद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा गठित तीन सदस्यीय समिति ने जांच पूरी की. समिति की रिपोर्ट 12 अगस्त को संसद में रखी गई थी और उसमें उनके खिलाफ तीनों आरोपों को साबित बताया गया था. आरोपों में सरकारी आवास पर मिले नकदी के स्रोत और स्वामित्व की व्याख्या न कर पाना, संबंधित साक्ष्यों को सुरक्षित रखने में विफलता और जांच के दौरान असंतोषजनक जवाब देना शामिल था.
