कबीरधाम जिले के तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में हुई डकैती के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं. मामले में दो अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है.

पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2026 की शाम कारोबारी वेदप्रकाश सोनी और उनके साथी को मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास मोटरसाइकिल से रास्ता रोककर लूटा गया था. आरोप है कि हमलावरों ने दोनों के साथ डंडे से मारपीट की और उनके पास मौजूद सामान व जेवर लेकर फरार हो गए. तरेगांव जंगल थाने में अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत BNS की धाराओं 309(6), 126(2), 115(2) और 3(5) में मामला दर्ज किया गया.

100 से ज्यादा CCTV फुटेज की जांच

जांच के दौरान पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के 100 से अधिक CCTV फुटेज का विश्लेषण किया. इसके अलावा 24 गांवों के 500 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई. पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए तथा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध मोटरसाइकिल की आवाजाही की जानकारी जुटाई.

पुलिस के अनुसार, बिरकोना गांव के पास निखिल कुर्रे को मोटरसाइकिल से भागते समय पकड़ा गया. उसकी जानकारी के आधार पर संजय भास्कर और सचिन पात्रे को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पुलिस का कहना है कि तीनों के मेमोरेंडम कथनों और निशानदेही पर चांदी के जेवर बरामद हुए.

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे दो मोटरसाइकिलों से तरेगांव पहुंचे थे और बाजार में कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रखी थी. वारदात के बाद वे मुंगेली गए, जहां जेवर आपस में बांटकर अलग-अलग जगह छिपाए गए. तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की प्रक्रिया चल रही है.