कबीरधाम जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के बाद प्रभारी सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने कलेक्टर तुलिका प्रजापति के साथ आठ धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने खरीदी प्रक्रिया, तौल, गुणवत्ता जांच, बारदाना और भंडारण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

प्रभारी सचिव ने पनेका, कोसमंदा, धरमपुरा, बिरकोना, सोनपुरी रानी, धमकी, बम्हनी और रेंगाखार खुर्द केंद्रों का दौरा किया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी किसानों का धान सुचारू रूप से खरीदा जाए और उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो.

किसानों से टोकन और भुगतान की जानकारी ली

निरीक्षण के दौरान डॉ. भारतीदासन ने किसानों से सीधे बातचीत कर टोकन वितरण, धान बिक्री और भुगतान की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने छोटे किसानों को टोकन देने की व्यवस्था की समीक्षा की और समस्याओं का तत्काल निराकरण करने को कहा.

उन्होंने आद्रतामापी मशीन से धान की नमी और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से वजन की सटीकता भी परखी. अधिकारियों को ढेरी बनाकर धान की गुणवत्ता जांचने तथा किसानों को निर्धारित नमी के अनुरूप धान लाने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए.

भंडारण और केंद्रों की सुविधाओं पर जोर

प्रभारी सचिव ने निर्देश दिया कि खरीदी के दिन ही धान की व्यवस्थित स्टेकिंग की जाए. बारदाने की गुणवत्ता, पर्याप्त तिरपाल और कैप कवर की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया. केंद्रों पर पेयजल, छाया, बैठने की जगह, प्रकाश, ड्रेनेज और सीसीटीवी जैसी सुविधाओं की भी समीक्षा की गई.

उन्होंने धान के भंडारण के लिए पहले से वैकल्पिक स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए. टोकन सॉफ्टवेयर, किसान पंजीयन, रकबा, अनुमानित खरीदी और भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड की समीक्षा करते हुए रजिस्टर नियमित रूप से संधारित करने को कहा.

रकबा और पंजीयन से जुड़ी त्रुटियों को प्राथमिकता से दूर करने तथा जरूरत के अनुसार कंप्यूटर ऑपरेटरों और समिति प्रबंधकों को प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए गए. निरीक्षण के दौरान खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन, डीएमओ किशोर चंद्रा, सीसीबी नोडल आरपी मिश्रा और सहकारिता उपायुक्त आकाश पात्रे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.