कबीरधाम जिले में खाद वितरण की नई डिजिटल व्यवस्था सभी ब्लॉक में लागू कर दी गई है. इसके तहत किसानों को खाद लेने के लिए सहकारी समिति के सामने लंबी कतार में खड़े होने या अलग-अलग केंद्रों पर उपलब्धता तलाशने की जरूरत नहीं होगी. किसान मोबाइल ऐप के जरिए अपनी खाद की जरूरत दर्ज कर सकेंगे.
नई व्यवस्था के तहत किसान अपनी कृषि भूमि का रकबा और बोई गई फसल का विवरण एफएफएस ऐप में दर्ज करेंगे. सिस्टम इन जानकारियों के आधार पर खाद की जरूरत का आकलन करेगा. इसके बाद किसान को टोकन और क्यूआर कोड मिलेगा. खाद लेते समय चयनित केंद्र पर यह क्यूआर कोड दिखाना होगा, जिससे वितरण का रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज हो जाएगा.
पसंद की पंजीकृत दुकान से खरीद
किसान खाद लेने के लिए सहकारी समिति के अलावा अपनी पसंद की पंजीकृत निजी खाद दुकान भी चुन सकेंगे. वहां से वे यूरिया और डीएपी खरीद पाएंगे. इस व्यवस्था में खाद की पात्र मात्रा किसान के रकबे और खेत में बोई गई फसल के आधार पर तय की जाएगी, ताकि जरूरत से अधिक खाद उठाने पर नियंत्रण रखा जा सके.
स्टॉक और बिक्री की ऑनलाइन निगरानी
डिजिटल सिस्टम में प्रत्येक केंद्र पर पहुंचे खाद के स्टॉक, बिक्री और शेष मात्रा का रिकॉर्ड दर्ज रहेगा. इससे विभाग को अलग-अलग केंद्रों के स्टॉक और बिक्री के आंकड़ों का मिलान करने में मदद मिलेगी. निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री, अवैध भंडारण और खाद की कालाबाजारी से जुड़ी शिकायतों की जांच के लिए भी यह रिकॉर्ड उपयोगी होगा.
यह व्यवस्था फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल यानी एफएफएस के तहत संचालित की जाएगी.
