कबीरधाम जिले के कवर्धा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के मझगांव गांव में घर से 12.50 लाख रुपये चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र कमलेश पटेल (19) और भागवत पटेल (50) को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 11 लाख 53 हजार रुपये बरामद किए गए हैं.
पुलिस के अनुसार, मझगांव निवासी हीरालाल साहू (36) ने 24 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी. उसने बताया कि 15 सितंबर 2026 को शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच कोई व्यक्ति घर में घुसा और 12.50 लाख रुपये चोरी कर ले गया. घटना के समय परिवार के लोगों ने गमछे से चेहरा ढके एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से निकलते देखा था.
जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास शराब की शीशी, कुएं में फेंका गया पर्स और गली में मिला खाली बैग पुलिस के सामने आया. पुलिस को यह भी आशंका थी कि आरोपी पड़ोसी के मकान की छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ.
छत के रास्ते घर में दाखिल होने की बात
पुलिस की पूछताछ के अनुसार, कमलेश 15 सितंबर को गणेश चतुर्थी के दौरान गांव के लोग पंडाल में व्यस्त होने के समय अपने पुराने मकान में गया था. पुलिस का कहना है कि पुराने मकान और हीरालाल साहू का घर आपस में जुड़े हैं और छत के रास्ते दोनों मकानों में पहुंचा जा सकता है. अंधेरा होने के बाद कमलेश कथित तौर पर छत के रास्ते कमरे में दाखिल हुआ.
पुलिस के मुताबिक, उसने कमरे का बल्ब निकालकर अलग रखा और आलमारी खोली. दराज में रकम नहीं मिलने पर लॉकर से 500, 200 और 100 रुपये के नोटों के बंडल तथा पर्स निकाला. रकम को गमछे में बांधकर पुराने मकान में ले जाया गया और बाद में कार्टून में रखकर दूसरी मंजिल के कमरे के छज्जे में छिपाया गया.
रकम अलग-अलग जगह रखने का आरोप
पुलिस के अनुसार, कमलेश ने अगले दिन अपने पिता भागवत को चोरी की जानकारी दी. इसके बाद दोनों ने रकम को पुराने मकान से निकालकर नए मकान में रखा. पूछताछ में भागवत की ओर से रकम को कुछ समय पुराने मकान और फिर खेत में बने बोर के कमरे में रखने की बात सामने आने का पुलिस ने दावा किया. बारिश के बाद रकम को वापस घर की आलमारी में रखने की बात भी कही गई है.
पुलिस का कहना है कि कमलेश ने करीब 47 हजार रुपये खाने-पीने आदि में खर्च किए, जबकि भागवत ने 50 हजार रुपये वाहन की मरम्मत और पार्ट्स खरीदने में खर्च किए. बरामद रकम को पुलिस ने जब्त कर लिया है. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(3) के तहत कार्रवाई की जा रही है. साइबर थाना और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले तथ्यों और मैदानी जांच के आधार पर 29 सितंबर को दोनों को पकड़ा.
