उत्तराखंड के नैनीताल जिले में स्थित कैंची धाम में पिछले सप्ताहांत 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने के बाद प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन की नई व्यवस्था पर चर्चा की है. कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में श्रद्धालुओं के अनिवार्य पंजीकरण समेत कई प्रस्तावों पर विचार किया गया.
बैठक में पार्किंग और यातायात व्यवस्था सुधारने, श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा शुरू करने तथा मंदिर परिसर में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग व्यवस्था बनाने पर चर्चा हुई. प्रशासन के प्रस्ताव के अनुसार फिलहाल एक दिन में 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं की संख्या को संभालने योग्य सीमा माना जा सकता है.
हालांकि, यह व्यवस्था अभी प्रस्तावित चरण में है. इसे लागू करने के लिए शासन की मंजूरी जरूरी होगी. मंजूरी मिलने के बाद पंजीकरण, पार्किंग, यातायात नियंत्रण और मंदिर में प्रवेश-निकास से जुड़े नियमों को लागू किया जा सकता है.
