दिल्ली के कालकाजी इलाके के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस को दिए उसके बयान की जानकारी सामने आई है. पीड़िता के मुताबिक, 21 सितंबर को अपने जन्मदिन पर वह एक नाबालिग दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी. मंदिर में दर्शन के बाद दोनों आस्था कुंज पार्क में कुछ देर बैठने पहुंचे थे.
पीड़िता ने बताया कि दोनों शाम करीब सात बजे पार्क के गेट नंबर 7 के पास झूले के नजदीक एक बेंच पर बैठे थे. इसी दौरान करीब 30 से 35 वर्ष की उम्र के तीन युवक वहां पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने उसके दोस्त को थप्पड़ मारा और खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को डराया. इसके बाद उनके मोबाइल फोन छीन लिए गए.
बयान के अनुसार, आरोपियों ने नाबालिग होने और उस समय पार्क में घूमने को लेकर गंभीर मामला दर्ज करने की धमकी दी. पीड़िता का आरोप है कि दो आरोपी उसे झाड़ियों की ओर ले गए, जबकि तीसरे ने उसके दोस्त को अलग रखा. एक आरोपी ने कथित तौर पर पिस्टल दिखाया और आरोपियों ने चाकू के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया. पुलिस बयान में पीड़िता ने आरोपियों के नाम आसिफ और दीपू बताए जाने की बात कही है.
वारदात के बाद आरोपियों ने दोनों के मोबाइल लौटाए और किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी. पार्क से बाहर आने के बाद पीड़िता ने अपने दोस्त को घटना बताई, जिसके बाद पुलिस को फोन किया गया.
पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम और दुष्कर्म से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी आसिफ को अमर कॉलोनी इलाके में कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया गया. इसके बाद हेमंत और उसके भाई को भी गिरफ्तार किया गया. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ मजबूत कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास है.
