नई दिल्ली में कालकाजी मंदिर और ISKCON मंदिर को जोड़ने वाले पार्क में 17 वर्षीय किशोरी से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार शाम की है और तीन आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर किशोरी और उसके 17 वर्षीय दोस्त को धमकाया.

शिकायत के मुताबिक, किशोरी अपने दोस्त के साथ शाम करीब 7 बजे कालकाजी मंदिर गई थी. पूजा के बाद दोनों करीब 7:30 बजे पार्क पहुंचे, जहां लगभग 25 से 30 वर्ष की उम्र के तीन लोगों ने उन्हें रोका. आरोप है कि आरोपियों ने पुलिसकर्मी होने का दावा किया और इसके बाद किशोरी के साथ दुष्कर्म किया.

पुलिस को घटना की सूचना रात 8:45 बजे PCR कॉल के जरिए मिली. मौके पर पहुंची टीम ने किशोरी को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा. पुलिस ने बताया कि उसकी शिकायत के आधार पर POCSO Act समेत संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है.

आरोपियों की पहचान और घटना की पुष्टि के लिए पार्क तथा आसपास के इलाकों की CCTV फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस उन लोगों की जानकारी भी जुटा रही है, जो घटना के समय पार्क के आसपास मौजूद हो सकते थे. अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है.