तेलंगाना के कामारेड्डी सरकारी मेडिकल कॉलेज ने जूनियर विद्यार्थियों के साथ कथित रैगिंग के मामले में 14 वरिष्ठ एमबीबीएस छात्रों को निलंबित कर दिया है. कॉलेज प्रशासन ने जांच के बाद यह कार्रवाई की.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चार छात्रों को छह महीने और 10 अन्य छात्रों को चार महीने के लिए निलंबित किया गया है. जूनियर छात्रों ने कथित उत्पीड़न की शिकायत राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के एंटी-रैगिंग सेल में ऑनलाइन दर्ज कराई थी.
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
शिकायत मिलने के बाद एनएमसी अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस और कॉलेज प्रशासन को सूचना दी. इसके बाद कॉलेज ने आंतरिक जांच कराई. जांच के निष्कर्षों पर कॉलेज के वरिष्ठ अधिकारियों, प्राचार्य और विभागाध्यक्षों की बैठक में विचार किया गया, जिसके बाद निलंबन का फैसला लिया गया.
कॉलेज के प्राचार्य ने कहा कि कार्रवाई एनएमसी के एंटी-रैगिंग दिशानिर्देशों के अनुरूप की गई है और मामले में आगे की जांच जारी है. उन्होंने परिसर या छात्रावास में रैगिंग किए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी.
