तेलंगाना के कामारेड्डी स्थित Government Medical College में रैगिंग की शिकायत के बाद 14 द्वितीय वर्ष के MBBS छात्रों को निलंबित किया गया है. कॉलेज प्रशासन के अनुसार, जूनियर छात्रों की शिकायत National Medical Commission (NMC) तक पहुंची थी, जिसके बाद मामला कॉलेज को भेजा गया.

कॉलेज की एंटी-रैगिंग कमेटी ने शिकायत की जांच के बाद छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की. इनमें चार छात्रों को छह महीने और बाकी 10 छात्रों को चार महीने के लिए निलंबित किया गया है. कॉलेज प्रशासन ने NMC को कार्रवाई की रिपोर्ट भेजने की बात कही है.

कॉलेज प्राचार्य डॉ. बी. वल्या के अनुसार, प्रथम वर्ष और अंतिम वर्ष के छात्रों को एक ही हॉस्टल परिसर में रखा गया था. आरोपों से जुड़े द्वितीय वर्ष के छात्र हॉस्टल में नहीं रहते थे, लेकिन वे कथित तौर पर हॉस्टल के एक प्रतिबंधित हिस्से में गए थे और कॉलेज परिसर में पकड़े गए.

हालांकि, एक छात्र ने शिकायत की वजह को अलग तरीके से बताया और कहा कि मामला जूनियर छात्रों से बार-बार ‘गुड मॉर्निंग’ कहने की अपेक्षा से जुड़ा था. कॉलेज की जांच समिति की विस्तृत रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है. छात्रों के नाम भी जारी नहीं किए गए हैं.