कांकेर. जवाहर नवोदय विद्यालय समिति ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं की रिक्त सीटों पर लेटरल एंट्री चयन परीक्षा के लिए निशुल्क ऑनलाइन आवेदन शुरू किए हैं. पात्र विद्यार्थी समिति के अधिकृत ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से 15 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं.

इन कक्षाओं में प्रवेश के लिए देशव्यापी लेटरल एंट्री चयन परीक्षा 10 अप्रैल 2027 को आयोजित की जाएगी. विद्यार्थियों को प्रवेश परीक्षा में प्राप्त मेरिट और संबंधित नवोदय विद्यालयों में सीट उपलब्धता के आधार पर दाखिला दिया जाएगा.

जवाहर नवोदय विद्यालय कांकेर के प्राचार्य अशोक बिसेन के अनुसार, आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित पात्रता और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता पूरी करना जरूरी है. आवेदन से पहले अभिभावकों और विद्यार्थियों को पात्रता मानदंड, आयु सीमा, परीक्षा पाठ्यक्रम और जरूरी प्रमाणपत्रों से जुड़े निर्देश ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है.

ऑनलाइन फॉर्म में व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी सही-सही दर्ज करनी होगी. दस्तावेज सत्यापन के दौरान जानकारी में त्रुटि मिलने पर उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है.

अंतिम तिथि के दौरान तकनीकी समस्या या सर्वर पर बढ़ते दबाव से बचने के लिए समय रहते पंजीयन पूरा करने की सलाह दी गई है. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और निशुल्क है.