कांकेर जिले के दुर्गूकोदल क्षेत्र के चेमल गांव स्थित पुष्प स्टील माइंस में रास्ता निर्माण के काम में लगी तीन चैन माउंटेन मशीनों को आग लगाए जाने का मामला सामने आया है. घटना में मशीनों के नुकसान की सूचना है.
घटनास्थल से लाल स्याही में लिखे दो पर्चे भी बरामद किए गए हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पर्चों में भुगतान की मांग के साथ पांच दिनों का अल्टीमेटम दिया गया है. हालांकि, पर्चे किसने लगाए और मशीनों में आग किसने लगाई, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
मामले के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और घटनास्थल से मिले पर्चों समेत अन्य बिंदुओं की जांच शुरू की है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना में कौन लोग शामिल थे और इसका उद्देश्य क्या था.
