कानपुर में सड़क पर घूम रहे एक घोड़े ने कई लोगों को काटकर घायल कर दिया. पुलिस के मुताबिक, हमले में आधा दर्जन से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं. इनमें तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों में अफसाना की हालत गंभीर बताई गई है और उनका इलाज मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में चल रहा है. दो अन्य घायलों का इलाज निजी अस्पताल में कराया जा रहा है.

रिपोर्ट के अनुसार, अफसाना शनिवार को अपने पति को खाना देने जा रही थीं. इसी दौरान घोड़े ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें गंभीर चोटें आईं. उनके पति मोहम्मद ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आया कि घोड़े ने हमला क्यों किया, क्योंकि उनकी पत्नी उसके बगल से गुजर रही थीं.

प्लांट में बंद कराया गया था घोड़ा

लगातार लोगों के घायल होने की सूचना मिलने के बाद सोमवार रात पुलिस ने घोड़े को पकड़वाकर एक प्लांट में बंद करा दिया. इसके बाद स्थानीय लोग प्लांट में पहुंच गए. पुलिस के मुताबिक, बाद में घोड़े की मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने उसे पीटकर मार डाला या नहीं, इसकी पूरी स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी.

एसीपी आशुतोष सिंह के अनुसार, पुलिस को घोड़े की मौत की सूचना मिली थी. इसके बाद नगर निगम को बताया गया और टीम घोड़े का शव ले गई. मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा.

पुलिस के मुताबिक, अभी तक घोड़े का कोई मालिक या वारिस सामने नहीं आया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से घोड़े की मौत का कारण स्पष्ट होने की उम्मीद है. इस घटना ने एक ओर सड़क पर घूम रहे पशुओं से लोगों की सुरक्षा और दूसरी ओर गुस्से में पशु को मार दिए जाने को लेकर सवाल खड़े किए हैं.