कानपुर में दवा कारोबारी विनीत मीनोचा की हत्या के मामले में आरोपी बहू शालू, घरेलू सहायक विशाल गौतम और उसके साथी राजकिशोर को बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार शुक्ला की अदालत में पेश किया गया. मामले को एसीजेएम कोर्ट में स्थानांतरित कर दिया गया. अगली सुनवाई 19 सितंबर को होगी.

अदालत परिसर में शालू लगातार दुपट्टे से अपना चेहरा ढकती नजर आई. मीडिया कैमरों से बचने के दौरान उसने पुलिसकर्मियों से फोटो खींचने वालों को रोकने के लिए कहा. उसकी बहन और भाई भी अदालत पहुंचे, जबकि उसका पति सुब्रत वहां नहीं आया.

पुलिस ने तीनों आरोपियों से पूछताछ के लिए 24 घंटे की रिमांड मांगी है. जांच अधिकारियों के मुताबिक, कारोबारी के फ्लैट की चार चाबियां थीं. पुलिस को फ्लैट में रखी दो चाबियों के अलावा परेड चौराहे पर बनाई गई कथित डुप्लीकेट चाबी भी बरामद करनी है. सुब्रत से भी पूछताछ की मांग की गई है.

पुलिस के मुताबिक घटनाक्रम

पुलिस जांच के अनुसार, 5 सितंबर की रात विशाल और राजकिशोर करीब 8:46 बजे शालू के कहने पर गजरा लेकर पहुंचे. दोनों रात 9:38 बजे अपार्टमेंट में दाखिल हुए और शालू को सामान देने के बाद करीब 48 मिनट तक परिसर में घूमते रहे. इस दौरान उनके बीच मोबाइल पर तीन बार बातचीत हुई.

पुलिस का कहना है कि दोनों रात 10:38 बजे डुप्लीकेट चाबी से विनीत के फ्लैट में घुसे. करीब 20 मिनट बाद, रात 10:58 बजे विनीत घर पहुंचे और शालू के कमरे से आवाज सुनकर वहां गए. जांच के मुताबिक, दोनों आरोपी कमरे में छिपे मिले और उनके बीच संघर्ष हुआ. पुलिस के अनुसार, दोनों को रात 11:28 बजे फ्लैट से बाहर निकलते हुए सीसीटीवी में देखा गया.

पूछताछ में सामने आने की बात कही गई है कि शुरुआत में एक आरोपी के अंदर जाने और दूसरे के बाहर निगरानी करने की योजना थी. पुलिस के मुताबिक, विनीत के मजबूत शरीर को देखते हुए दोनों ने साथ अंदर जाने का फैसला किया.

कॉल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्य जांच में

पुलिस के अनुसार, विशाल ने हत्या से दो दिन पहले 3 सितंबर को नया सिम खरीदा था और पहचान के लिए शिवम नाम के व्यक्ति के आधार कार्ड का इस्तेमाल किया. 3 से 6 सितंबर के बीच उसने शालू से सात और सुब्रत से छह बार बात की. 1 मई से 6 सितंबर के बीच विशाल और राजकिशोर के बीच 21 बार फोन पर बातचीत हुई. हत्या के बाद 6 सितंबर की सुबह 7:57 बजे नया सिम बंद कर दिया गया.

जांचकर्ताओं के मुताबिक, इसके बाद विशाल ने उबर कैब बुक की और रात 11:38 बजे अपने परिचित नैतिक वर्मा उर्फ किशन को फोन किया. पुलिस इस कॉल और घटना के बाद उसकी गतिविधियों की जांच कर रही है. तिलक नगर के कॉसमोजिन लाउंज में हुई कपल किटी पार्टी की करीब चार घंटे की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कब्जे में ली गई है.

पुलिस ने विनीत की पत्नी पुनीता मीनोचा की जून 2022 में तैयार वसीयत भी रजिस्ट्री कार्यालय से हासिल की है. वसीयत में संपत्ति किसके नाम की गई थी, यह स्पष्ट नहीं है और पुलिस इसे संभावित मकसद की जांच के हिस्से के रूप में देख रही है. शालू की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई, लेकिन उसके वकील ने फिलहाल जमानत पर जोर नहीं दिया.