कानपुर के दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी बहू शालू के बाद बेटे सुब्रत को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि जांच में मिले कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य कड़ियों के आधार पर सुब्रत की कथित भूमिका की जांच की जा रही है. सुब्रत ने पूछताछ के दौरान हत्या में शामिल होने से इनकार किया है.
पुलिस के अनुसार, रिमांड मिलने के बाद पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने शालू, सुब्रत और विशाल से आमने-सामने पूछताछ की. जांच में सामने आया कि सुब्रत के घर का सीसीटीवी 22 जुलाई से बंद था. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कैमरा बंद होना महज संयोग था या इसके पीछे कोई साजिश थी.
घटना वाली रात की गतिविधियों की जांच
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, रात 8:59 बजे सुब्रत और शालू घर से निकले. इसके बाद 9:46 बजे विशाल और एक अन्य आरोपी विनीत मिनोचा के घर में दाखिल हुए. रात 9:56 बजे सुब्रत और शालू कॉसमॉस इन पहुंचे, जबकि 10:58 बजे विनीत मिनोचा घर के अंदर गए. पुलिस इन गतिविधियों को मामले की टाइमलाइन से जोड़कर देख रही है.
जांच में सुब्रत पर 20 लाख रुपये से अधिक का कर्ज होने की बात सामने आई है. इसमें मनी व्यू से करीब 5 लाख, ICICI बैंक से 75 हजार, नवी ऐप से 3 लाख और दोस्त हर्षित से लगभग 9.5 लाख रुपये का उधार शामिल बताया गया है.
कॉल डिटेल के मुताबिक, विशाल और शालू के बीच करीब 28 बार बातचीत हुई, जबकि विशाल और सुब्रत के बीच 258 से अधिक कॉल दर्ज हैं. हत्या से पहले और बाद में इस्तेमाल नए सिम से की गई पांच कॉल सुब्रत के नंबर पर गई थीं. पुलिस अब इन सभी साक्ष्यों के आधार पर कथित साजिश की पूरी कड़ी की जांच कर रही है.
