पंजाब के कपूरथला में दिवाली की रात घर के बाहर पटाखे चला रहे 27 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना शहर के मेहताबगढ़ मोहल्ले में सोमवार रात करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है.
मृतक की पहचान मनी उर्फ पहलवान, पुत्र बग्गा, निवासी मेहताबगढ़ के रूप में हुई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कुछ युवक उसके घर के बाहर पहुंचे और उसे गोली मार दी. गोली लगने के बाद मनी जमीन पर गिर पड़ा. परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
मनी के पिता बग्गा ने बताया कि उनका बेटा पहलवानी करता था और किसी के साथ उसका विवाद नहीं था. परिवार के मुताबिक, मनी का विवाह कुछ महीने पहले ही बेगोवाल निवासी युवती से हुआ था. उसकी चार बहनें हैं.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी शीतल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर पहुंचने तक युवक की मौत हो चुकी थी.
डीएसपी ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. पुलिस हमलावरों की पहचान, हत्या के कारण और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रही है. आगे की कानूनी कार्रवाई परिजनों के बयानों के आधार पर की जाएगी.
