तेलंगाना के करीमनगर जिले में शनिवार रात SBI के दो एटीएम में चोरी की वारदात सामने आई. दुर्शेड और थिम्मापुर इलाके में राजीव राहदारी के किनारे लगे दोनों एटीएम को गैस कटर से काटकर अंदर रखी रकम निकालने की बात सामने आई है.

पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध महिलाओं के कपड़े पहनकर आए थे. रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने दोनों घटनाओं की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस ने दोनों स्थानों का निरीक्षण कर जांच शुरू की.

सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक साक्ष्यों की जांच

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थलों से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस आसपास के इलाकों और राजीव राहदारी पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके.

पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि संदिग्ध किस वाहन से आए थे, वारदात से पहले और बाद में उनकी गतिविधियां क्या थीं और वे किस दिशा में फरार हुए.

पुलिस के अनुसार, चोरी हुई रकम का अभी आकलन नहीं किया गया है. जांच एजेंसियां यह भी देख रही हैं कि दोनों वारदातों में एक ही गिरोह शामिल था या अलग-अलग गिरोहों ने घटनाओं को अंजाम दिया. आरोपियों की तलाश जारी है.