हरियाणा के करनाल में 9वीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र प्रिंस के पश्चिमी यमुना नहर में कूदने के बाद तलाश अभियान जारी है. घटना शास्त्री नगर इलाके की बताई गई है. पुलिस और गोताखोरों ने रातभर नहर में खोजबीन की, लेकिन अंधेरा होने के कारण छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका. सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रिंस घर से गुस्से में निकलकर नहर की ओर गया था. आसपास के लोगों ने उसे नहर की तरफ जाते देखा तो उसके बड़े भाई सोनू को जानकारी दी. सोनू उसके पीछे दौड़ा और नहर की ग्रिल के पास उसे पकड़ने की कोशिश की. इसी दौरान हुई खींचतान में प्रिंस ने हाथ छुड़ाया और पानी में छलांग लगा दी.

घटना के बाद परिवार के लोग भी अपने स्तर पर उसकी तलाश कर रहे हैं. परिजनों ने जिला प्रशासन से सर्च ऑपरेशन तेज करने की अपील की है. परिवार की ओर से मौके पर गोताखोरों और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी को लेकर भी चिंता जताई गई है.

परिवार ने बताई अलग वजह

घटना के शुरुआती विवरण में मोबाइल गेम PUBG खेलने से रोकने के बाद विवाद की बात सामने आई थी. हालांकि, परिवार ने प्रिंस को गेम खेलने को लेकर डांटने से इनकार किया है. परिजनों के मुताबिक, उसे पढ़ाई करने के लिए कहा गया था और घर में कोई गंभीर कहासुनी नहीं हुई थी.

प्रिंस के भाई सोनू ने बताया कि वह अपनी पत्नी को दवाई दिलाने गया था. लौटने के बाद उसने पत्नी से प्रिंस को खाना देने के लिए कहा, लेकिन इसके कुछ देर बाद छात्र गुस्से में घर से निकल गया. खबर लिखे जाने तक छात्र का पता नहीं चल पाया था.