कर्नाटक सरकार ने राज्य के सरकारी कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के गायन को लेकर नया आदेश जारी किया है. आदेश के अनुसार, सामान्य सरकारी कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत के केवल पहले दो अंतरे गाए जाएंगे.

हालांकि, जिन कार्यक्रमों में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री या राज्यपाल मौजूद होंगे, वहां वंदे मातरम् के सभी छह अंतरे गाए जाएंगे.

राज्य सरकार ने कहा है कि अलग-अलग सरकारी कार्यक्रमों की प्रकृति को देखते हुए गायन और वादन में एकरूपता, गरिमा और उचित प्रोटोकॉल बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था की गई है. आदेश की प्रस्तावना में वंदे मातरम् की स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्रवाद, एकता और देशभक्ति की भावना मजबूत करने में भूमिका का भी उल्लेख किया गया है.

केंद्र के निर्देश के बाद राज्य का फैसला

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केंद्र सरकार ने जनवरी में निर्देश दिया था कि जब वंदे मातरम् और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ दोनों का गायन या वादन हो, तो पहले वंदे मातरम् के सभी छह अंतरे प्रस्तुत किए जाएं. यह निर्देश वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जारी किया गया था.

कर्नाटक सरकार के आदेश में केंद्रीय गृह मंत्रालय के आधिकारिक संस्करण और विभिन्न सरकारी एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के प्रोटोकॉल संबंधी दिशा-निर्देशों का भी संदर्भ दिया गया है.

इस मुद्दे का राजनीतिक संदर्भ भी है. कांग्रेस कार्यसमिति ने 19 अगस्त को पार्टी के कार्यक्रमों में 1937 के प्रस्ताव का पालन करने का फैसला किया था, जिसके तहत दो अंतरे गाए जाते हैं. बीजेपी कांग्रेस पर वंदे मातरम् का पूरा संस्करण नहीं गाने को लेकर पहले भी निशाना साधती रही है और उसके नेताओं पर राष्ट्रगीत के अपमान का आरोप लगाती रही है.