कर्नाटक के हासन जिले में सरकारी अधिकारियों को ‘टिप’ देने की सलाह से जुड़ी मंत्री केएम शिवलिंगेगौड़ा की टिप्पणी पर विवाद हो गया है. मंत्री शनिवार को अलूर तालुक में आयोजित ‘प्रजासेवा आंदोलन’ कार्यक्रम में लोगों की शिकायतें सुन रहे थे. इसी दौरान जमीन से जुड़ी शिकायत रखने वाले किसान पुनीत ने पूछा कि जब सरकारी अधिकारियों को वेतन मिलता है, तो उन्हें अलग से ‘टिप’ क्यों दी जाए.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंत्री ने कहा था कि यदि कोई अधिकारी समय पर और ईमानदारी से काम करता है, तो सम्मान के तौर पर खुशी से उसे कुछ देना गलत नहीं है. कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोगों ने इस बात पर आपत्ति जताई. सोशल मीडिया पर कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद भी टिप्पणी को लेकर बहस तेज हुई. आलोचकों ने आरोप लगाया कि इस तरह की बात रिश्वत को सामान्य बनाने का संदेश दे सकती है और मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

मंत्री ने दी सफाई

विवाद बढ़ने के बाद शिवलिंगेगौड़ा ने कहा कि उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि ईमानदारी से काम करने वाले अधिकारियों का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन किसी अधिकारी को लोगों से पैसे मांगने का अधिकार नहीं है. मंत्री ने यह भी कहा कि वह रिश्वत देने या लेने का समर्थन नहीं करते.

कार्यक्रम के दौरान स्थिति तनावपूर्ण होने पर हासन की डिप्टी कमिश्नर केएस लता कुमारी ने हस्तक्षेप कर लोगों को शांत कराया.

भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना

भाजपा एमएलसी सीटी रवि ने मंत्री की टिप्पणी पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि यदि सरकार अधिकारियों के रिश्वत मांगने पर शिकायत करने की बात करती है, तो ‘सम्मान’ के नाम पर पैसे देने की सलाह क्यों दी जा रही है. रवि ने मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के उस पुराने बयान का भी हवाला दिया, जिसमें अधिकारियों के रिश्वत मांगने पर शिकायत करने की बात कही गई थी.