वाराणसी में शनिवार को काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण की शुरुआत हुई. उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी की मौजूदगी में आयोजन का उद्घाटन किया. इस अवसर पर तमिल साहित्य की महत्वपूर्ण कृति ‘तिरुक्कुरल’ का 50 भाषाओं में अनुवादित संस्करण जारी किया गया. इनमें 10 विदेशी भाषाएं भी शामिल हैं.
इस वर्ष के आयोजन की थीम ‘तिरुक्कुरल पयिलवोम’ रखी गई है, जिसका अर्थ है—‘आइए, तिरुक्कुरल का अभ्यास करें’. आयोजन का उद्देश्य संत तिरुवल्लुवर की शिक्षाओं और नैतिक मूल्यों को विद्यार्थियों और युवाओं तक पहुंचाना है. काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक चलेगा.
50 भाषाओं तक पहुंचा अनुवाद
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि तिरुक्कुरल में समानता, मानवता और सदाचार से जुड़ी शिक्षाएं हैं, जो भाषा, क्षेत्र और देश की सीमाओं से परे प्रासंगिक हैं. उन्होंने लोगों से तिरुक्कुरल को पढ़ने के साथ-साथ उसकी शिक्षाओं को रोजमर्रा के जीवन में अपनाने की अपील की.
उन्होंने बताया कि काशी तमिल संगमम के पहले संस्करण में तिरुक्कुरल का 13 भाषाओं में अनुवाद हुआ था. दूसरे संस्करण में 16 और भाषाओं को जोड़ा गया. अब पांचवें संस्करण में इसके अनुवाद की संख्या 50 तक पहुंच गई है. उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी मातृभाषा पर गर्व करना चाहिए और दूसरी भाषाओं का भी सम्मान करना चाहिए.
उपराष्ट्रपति ने कहा कि अपनी भाषा के प्रति प्रेम दूसरी भाषा के प्रति शत्रुता में नहीं बदलना चाहिए. उन्होंने युवाओं से के. कामराज और पसुम्पोन मुथुरामलिंग थेवर जैसे नेताओं से प्रेरणा लेने की अपील भी की.
काशी-तमिलनाडु के संबंधों पर जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में काशी तमिल संगमम 5.0 के शुरू होने पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि तिरुवल्लुवर की रचना मानव जीवन के कई पहलुओं के लिए मार्गदर्शन देती है. प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि 50 भाषाओं में अनुवाद से तिरुवल्लुवर के विचार युवाओं के बीच और लोकप्रिय होंगे.
मोदी ने काशी तमिल संगमम को सांस्कृतिक और बौद्धिक आदान-प्रदान का मंच बताया. उनके अनुसार, इस पहल से ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना भी मजबूत हुई है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी तमिल संगमम को भारत की सनातन परंपरा का उत्सव बताया. उन्होंने कहा कि काशी और तमिलनाडु भारतीय संस्कृति और सभ्यता की दो प्राचीन धाराएं हैं. उनके अनुसार, काशी की गंगा ज्ञान परंपरा और तमिल परंपरा का मेल देश की सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करता है.
योगी ने काशी के केदार घाट और हनुमान घाट सहित उन क्षेत्रों का भी उल्लेख किया, जहां तमिल संस्कृति की झलक दिखाई देती है. उन्होंने तमिलनाडु में स्थित ‘तेनकाशी’ का जिक्र करते हुए दोनों क्षेत्रों के पुराने संबंधों को रेखांकित किया.
कार्यक्रम में तमिलनाडु से विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक, पत्रकार, किसान, शिल्पकार, महिलाएं और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं. आयोजन के जरिए काशी और तमिलनाडु के सांस्कृतिक, भाषाई, आध्यात्मिक और शैक्षणिक संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है.
