कश्मीर के पारंपरिक शादी-ब्याह के रसोइयों, जिन्हें स्थानीय तौर पर ‘वज़ा’ कहा जाता है, ने रात 10 बजे के बाद वज़वान परोसने से इनकार करने का फैसला किया है. कारीगरों ने लंबे कामकाजी घंटों और शादी समारोहों में उचित व्यवहार व सुविधाएं नहीं मिलने को इसकी वजह बताया है.

यह फैसला श्रीनगर के राजौरी कदल इलाके के एक मैरिज हॉल में हुई बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया. कश्मीर वज़ा एसोसिएशन के अध्यक्ष गुलाम नबी वज़ा ने कहा कि समुदाय लंबे समय से अपनी कार्य परिस्थितियों को लेकर चुप रहा है.

वज़वान की तैयारी में कई घंटे लगते हैं. कारीगरों के अनुसार, वे आम तौर पर दोपहर करीब 1 बजे से शाम 6 बजे तक दोपहर का खाना परोसते हैं और इसके बाद रात का भोजन शुरू होता है. कई बार दूल्हे और उसके रिश्तेदारों के देर से पहुंचने के कारण भोजन आधी रात के बाद तक टल जाता है.

वज़ा ने बताया कि जब उन्हें दुल्हन के घर खाना तैयार करने के लिए बुलाया जाता है, तब भी उन्हें बारात के पहुंचने का इंतजार करना पड़ता है. उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि दूल्हे के रात 1 बजे तक नहीं पहुंचने पर मौलवी निकाह कराए बिना लौट गया था.

कारीगरों ने मेजबानों से उनके लिए आराम और सोने की उचित व्यवस्था करने की भी अपील की. बैठक में एक अन्य रसोइये ने कहा कि लंबे समय तक काम करने के बावजूद उन्हें कई बार आराम करने के लिए उचित जगह नहीं दी जाती. समुदाय ने शादी समारोहों में समय की पाबंदी और कारीगरों के लिए सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों की मांग की है.