कश्मीर घाटी में रात के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है. श्रीनगर में गुरुवार को इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात रही और न्यूनतम तापमान माइनस 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से 0.9 डिग्री कम है.

शोपियां जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पर्यटन स्थल पहलगाम में पारा माइनस 2.8 डिग्री और गुलमर्ग में माइनस 1.0 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया. कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान माइनस 1.3 डिग्री, काजीगुंड में माइनस 0.8 डिग्री और कोकरनाग में 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

घाटी में सुबह के समय पाला पड़ना शुरू हो गया है, हालांकि अभी जलस्रोत पूरी तरह जमे नहीं हैं. मौसम विभाग ने महीने के अंत तक मुख्य रूप से शुष्क मौसम का अनुमान जताया है और आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट की संभावना बताई है.

जम्मू क्षेत्र में तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहा. जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री, कटरा में 10.9 डिग्री और भद्रवाह में 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.