जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक कबूतर मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की है. कबूतर के पैर में बंधी रिंग पर पाकिस्तान के टेलीकॉम कोड वाला मोबाइल नंबर दर्ज बताया गया है.

यह कबूतर हीरानगर इलाके के चन्न खत्रियां में सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे एक ग्रामीण को खेत में मिला. शक होने पर ग्रामीण ने उसे पकड़ लिया और स्थानीय पुलिस तथा सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी. इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कबूतर को अपने कब्जे में ले लिया.

रिंग पर दर्ज नंबर की तकनीकी जांच

पुलिस के अनुसार, कबूतर के पैर में लगी रिंग पर 03001717652 नंबर लिखा है. सुरक्षा एजेंसियां इस नंबर और रिंग से जुड़े अन्य तथ्यों की तकनीकी जांच कर रही हैं. अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाके में हुई इस घटना के बाद निगरानी बढ़ाए जाने की बात भी सामने आई है.

जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कबूतर सीमा पार से किसी संदिग्ध गतिविधि के तहत आया था या वह किसी व्यक्ति का पालतू पक्षी है, जो भटककर भारतीय क्षेत्र में पहुंच गया. हालांकि, हीरानगर थाना प्रभारी विक्रम शर्मा के मुताबिक प्रारंभिक जांच में अभी तक कुछ भी संदिग्ध सामने नहीं आया है.

2020 में भी मिला था ऐसा कबूतर

कठुआ क्षेत्र में इससे पहले मई 2020 में भी अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास मनियारी गांव में एक कबूतर पकड़ा गया था. उस समय पाकिस्तान के एक व्यक्ति ने वीडियो जारी कर दावा किया था कि उसने कबूतर को ईद के मौके पर उड़ाया था और वह भटककर भारतीय क्षेत्र में आ गया. बाद में कबूतर को छोड़ दिया गया था.

वर्तमान मामले में पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि रिंग पर दर्ज नंबर का कबूतर से क्या संबंध है. फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर इसे किसी जासूसी गतिविधि से जोड़ना जल्दबाजी होगी.