बिहार के कटिहार में कोर्ट जा रहे एक अधिवक्ता की हमले के बाद मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली स्थित पटेल चौक के पास स्कूटी सवार अधिवक्ता गुड्डू अंसारी उर्फ अजीमुद्दीन अंसारी पर चार लोगों ने हमला किया. घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.
पुलिस और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बताया गया कि अधिवक्ता स्कूटी से जा रहे थे, तभी एक हमलावर ने उन पर चाकू से वार किया. चोट लगने के बाद वह स्कूटी समेत सड़क पर गिर गए. फुटेज में चार लोगों को उनके साथ मारपीट और हमला करते देखा जा सकता है.
रिपोर्ट के अनुसार, हमलावरों में से एक ने बेल्ट से भी पीटा, जबकि दूसरे ने पिस्तौल से गोली चलाई. वारदात के बाद चारों आरोपी पैदल वहां से निकल गए. आसपास मौजूद लोगों ने घायल अधिवक्ता को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
रोड-रास्ते के विवाद की जांच
कटिहार सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विशाल आनंद ने कहा कि मृतक की बहन का रोड-रास्ते को लेकर विवाद था और इस संबंध में नगर थाने में प्राथमिकी भी दर्ज है. पुलिस इस विवाद सहित मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
डीएसपी के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने यह भी कहा कि जांच आगे बढ़ने पर घटना के कारण और आरोपियों की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी.
