कवर्धा शहर के हटरी पारा में मंगलवार को महर्षि कश्यप चौक का लोकार्पण किया गया. उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 9 लाख 75 हजार रुपए की लागत से बने चौक का उद्घाटन किया और महर्षि कश्यप की प्रतिमा का अनावरण किया. कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना से हुई.

विजय शर्मा ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं केवल स्मरण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा देने का अवसर भी देती हैं. उन्होंने युवाओं से महापुरुषों के जीवन चरित्र का अध्ययन कर उनके आदर्शों को अपनाने की अपील की. उपमुख्यमंत्री ने कवर्धा में अन्य महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने की बात भी कही.

शहर की विकास योजनाओं की जानकारी

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि जिला वन अधिकारी कार्यालय के सामने चौपाटी शुरू हो चुकी है और महामाई मंदिर के सामने का निर्माण कार्य पूरा हो गया है. हनुमंत वाटिका को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है. पुराने काष्ठागार परिसर में शिव वाटिका बनाने की योजना है, जबकि बूढ़ा महादेव मंदिर के विस्तार पर काम जारी है. विंध्यवासिनी मंदिर में प्रवेश व्यवस्था विकसित करने के साथ विशाल हॉल का निर्माण भी किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि भोरमदेव मंदिर कॉरिडोर के लिए केंद्र से 146 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं. रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर करीब 56 करोड़ रुपए की लागत से फोरलेन का काम शुरू हो चुका है.

नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि महापुरुषों के विचार और संस्कार नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है. कार्यक्रम में कसौधन गुप्ता समाज के प्रांतीय अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने महर्षि कश्यप जयंती पर शासकीय अवकाश की मांग रखी. विजय शर्मा ने इस मांग पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया.