कवर्धा की सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री की तस्वीरों पर सोशल मीडिया के जरिए कथित अश्लील और अभद्र टिप्पणियां प्रसारित करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान युवक ने शिकायतकर्ता को धमकी दी और हंगामा किया. उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया.

पुलिस के मुताबिक, ठाकुरपारा निवासी अजय सिंह ठाकुर (33) ने 10 अक्टूबर 2026 को सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक फेसबुक आईडी के जरिए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री की तस्वीरों पर गाली-गलौज वाली टिप्पणियां प्रसारित की जा रही थीं.

शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित व्यक्ति की पहचान कर पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, युवक ने अपना नाम सलमान अली खान (23), पिता सुलेमान अली, निवासी लोहारा नाका, झंडा चौक, कवर्धा बताया. पूछताछ और समझाइश के दौरान उसके आक्रोशित होने, शिकायतकर्ता को ‘देख लेने’ की धमकी देने और जोर-जोर से चिल्लाकर हंगामा करने का आरोप है. पुलिस के अनुसार, मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी थी.

किन धाराओं में कार्रवाई

पुलिस ने शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा संभावित संज्ञेय अपराध को रोकने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई की. इसके अलावा धारा 126 और 135(3) BNSS के तहत अलग से इस्तगाशा तैयार किया गया.

सोशल मीडिया पर कथित अश्लील और अभद्र टिप्पणी प्रसारित करने के मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत भी कार्रवाई की गई है. कबीरधाम पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से बचने की अपील की है.