असम के काजीरंगा क्षेत्र में शुक्रवार को एक मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई. मीडिया रिपोर्ट्स में हादसे में 23 लोगों की मौत का दावा किया गया है, जबकि समाचार एजेंसी PTI ने 12 मौतों की पुष्टि की है. मृतकों में अधिकांश छात्र बताए जा रहे हैं.

टक्कर के बाद मिनी बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. कई यात्री वाहन के अंदर फंस गए थे. बचाव दल ने बस को काटकर शवों और फंसे लोगों को बाहर निकाला. बस में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी.

गोलाघाट के SSP स्वप्नील डेका ने PTI को बताया कि बस बोकाखाट से नगांव जा रही थी. पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, बस तेज गति में थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया. इसके बाद बस सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई. पुलिस ने चालक द्वारा यातायात नियमों का पालन नहीं किए जाने की बात भी कही है.

घायलों को कोहारा मॉडल अस्पताल ले जाया गया. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.

केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार, 2020 से 2024 के बीच असम में सड़क हादसों में 15,306 लोगों की मौत हुई. वर्ष 2024 में 3,351 मौतें दर्ज की गईं, जबकि 2023 में 3,296 और 2022 में 2,994 लोगों की जान गई थी.