देश के कई हिस्सों में लगातार बारिश से बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है. उत्तराखंड में केदारनाथ पैदल मार्ग पर भूस्खलन के बाद यात्रा रोक दी गई है. रविवार को चीरबासा हेलीपैड के पास पहाड़ से चट्टानें गिरने से 65 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हुई. पैदल मार्ग पर भूस्खलन के बाद यात्रियों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाते देखा गया.
बिहार में 48 लाख से अधिक लोग प्रभावित
बिहार के 14 जिलों के 2,360 गांव बाढ़ की चपेट में हैं और 48 लाख से अधिक लोग प्रभावित बताए गए हैं. राज्य की आठ नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण कोलकाता से वाराणसी जा रहा ‘राजमहल क्रूज’ भागलपुर में छह दिन से फंसा हुआ है. क्रूज पर सवार 9 विदेशी नागरिकों समेत 11 यात्रियों को रविवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
राजस्थान और मध्य प्रदेश में बारिश का असर
राजस्थान के 36 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. बंगाल की खाड़ी में बनी कम दबाव की प्रणाली का असर 16 सितंबर तक रहने का अनुमान है.
मध्य प्रदेश में इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर क्षेत्र में तीन मानसूनी प्रणालियां सक्रिय हैं. भोपाल समेत कई इलाकों में बारिश जारी है. बड़वानी में नदी-नाले और तालाब उफान पर हैं. मुरैना में चंबल नदी में नहाते समय पिता-पुत्र की डूबने से मौत हुई. टीकमगढ़ में भारी बारिश के बाद बान सुजारा बांध के चार गेट खोल दिए गए हैं.
