उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. केदारनाथ में तापमान करीब -6 डिग्री सेल्सियस, जबकि बद्रीनाथ और गंगोत्री में यह लगभग -5 डिग्री सेल्सियस रहा. यमुनोत्री में तापमान करीब 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
उत्तर प्रदेश में बाढ़ और जलभराव से लोगों की परेशानी बनी हुई है. लखनऊ और सीतापुर में बाढ़ का पानी कुछ कम होने की जानकारी है, लेकिन कई इलाकों में जलभराव अब भी बना हुआ है. सीतापुर में सैकड़ों बीघा धान की फसल पानी में डूबी है. किसानों को कमर तक पानी के बीच फसल काटनी पड़ रही है.
महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और गोवा में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पुडुचेरी में भी बारिश की चेतावनी दी गई है.
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदला. जयपुर में कई इलाकों में तेज बारिश हुई. मौसम परिवर्तन के कारण राज्य में अधिकतम तापमान छह डिग्री तक गिरा. अलवर में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री, जबकि माउंट आबू में 27.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
