केदारनाथ धाम में अप्रैल से अगस्त 2026 के बीच 50.30 मीट्रिक टन कचरा दर्ज किया गया. नगर पंचायत के अनुसार, पांच महीनों का यह आंकड़ा 2025 के पूरे वर्ष में दर्ज 21.40 मीट्रिक टन कचरे से करीब 135 प्रतिशत अधिक है.

यह जानकारी नोएडा के आरटीआई कार्यकर्ता अमित गुप्ता की ओर से दायर सूचना के अधिकार आवेदन के जवाब में सामने आई. नगर पंचायत के आंकड़ों के मुताबिक, केदारनाथ में 2023 में 32.58 मीट्रिक टन और 2024 में 26.10 मीट्रिक टन कचरा दर्ज हुआ था.

महीनेवार आंकड़ों में अप्रैल में 1.7 मीट्रिक टन, मई में 16.3 मीट्रिक टन, जून में 11.5 मीट्रिक टन, जुलाई में 10.5 मीट्रिक टन और अगस्त में 10.3 मीट्रिक टन कचरा दर्ज किया गया.

प्लास्टिक कचरे का आंकड़ा

नगर पंचायत के अनुसार, 2026 में अब तक करीब 20 मीट्रिक टन प्लास्टिक कचरा सामने आया है. इसमें से 18.5 मीट्रिक टन यानी करीब 92.5 प्रतिशत कचरे को प्रोसेस किया जा चुका है, जबकि लगभग 1.5 मीट्रिक टन बाकी है.

नगर पंचायत ने बताया कि केदारनाथ में लैंडफिल की क्षमता 30,000 वर्ग फुट है और इसमें 28,000 वर्ग फुट जगह अभी शेष है. पिछले पांच वर्षों में वहां चार लैंडफिल बनाए गए हैं.

इस वर्ष अब तक करीब 15 लाख श्रद्धालुओं के केदारनाथ पहुंचने की जानकारी भी दी गई है. आरटीआई कार्यकर्ता ने बढ़ते कचरे और लैंडफिल पर निर्भरता को हिमालयी पर्यावरण के लिए चिंता का विषय बताया है.