दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तथा उनके परिवार के चार सदस्यों को मतदाता सूची के चल रहे Special Intensive Revision (SIR) के तहत नोटिस दिया गया है. नोटिस ‘पिछले SIR से अनमैप्ड’ श्रेणी में जारी किए गए हैं.
नोटिस पाने वालों में केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, पिता गोबिंद राम केजरीवाल, मां गीता देवी और 25 वर्षीय बेटे पुलकित केजरीवाल का नाम शामिल है. ये सभी नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्र 40 के एक हिस्से में नोटिस पाने वाले 110 लोगों में शामिल हैं.
ERO ने क्या वजह बताई
नई दिल्ली के Electoral Registration Officer (ERO) के अनुसार, केजरीवाल और उनके परिवार के सदस्यों की ओर से जमा किए गए Enumeration Forms में संबंधित राज्यों के पिछले पुनरीक्षण की मतदाता सूची से उनका रिकॉर्ड जोड़ने के लिए जरूरी पूरी जानकारी मौजूद नहीं थी.
ERO ने कहा कि जिन मतदाताओं का रिकॉर्ड पिछली SIR सूची से लिंक नहीं हो पाया है या जिनके लिंकिंग विवरण में तार्किक विसंगतियां मिली हैं, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी किए जा रहे हैं. नोटिस पाने वाले मतदाताओं को संबंधित ERO के समक्ष जवाब और आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे. इन नोटिसों का निपटारा 29 अक्टूबर 2026 तक पूरा किया जाना है.
SIR में ‘अनमैप्ड’ मतदाता उस व्यक्ति को कहा जा रहा है, जिसकी मौजूदा मतदाता सूची की जानकारी पिछली SIR सूची के संबंधित रिकॉर्ड से मेल नहीं खा पाई. इसके अलावा नाम, जन्मतिथि या अन्य विवरणों में विसंगति वाले कुछ ‘मैप्ड’ मतदाताओं को भी नोटिस दिए जा रहे हैं.
रेखा गुप्ता का नाम भी विसंगति सूची में
निर्वाचन आयोग के मुताबिक, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का नाम भी SIR के दौरान विसंगतियों वाली सूची में आया था. आयोग ने कहा कि उनके विवरण और दस्तावेजों का बाद में सत्यापन कर उनकी मतदाता प्रविष्टि को वैध पाया गया. उनका नाम 4 नवंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र की अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा.
आम आदमी पार्टी ने केजरीवाल परिवार के नाम ‘अनमैप्ड’ श्रेणी में आने पर निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाए और कार्रवाई को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया. पार्टी ने सोशल मीडिया पोस्ट में पूछा कि तीन बार दिल्ली के मुख्यमंत्री रह चुके केजरीवाल और उनके परिवार के नाम पिछले रिकॉर्ड से कैसे नहीं जुड़ पाए.
दिल्ली में SIR के दौरान करीब 67.18 प्रतिशत मतदाताओं के Enumeration Forms प्राप्त कर डिजिटाइज किए गए. जिन मतदाताओं के फॉर्म प्राप्त नहीं हुए, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ Form 6 जमा कर 30 सितंबर तक मतदाता सूची में शामिल होने का दावा कर सकते हैं. दावों और आपत्तियों की सुनवाई के लिए विभिन्न इलाकों में शिविर भी लगाए जा रहे हैं.
