तिरुवनंतपुरम में International Documentary and Short Film Festival of Keralam का 18वां संस्करण शुक्रवार को शुरू हुआ. हालांकि, महोत्सव की शुरुआत 31 फिल्मों को सेंसर छूट नहीं मिलने के कारण पैदा हुई अनिश्चितता के बीच हुई. इन फिल्मों की स्क्रीनिंग फिलहाल कार्यक्रम में शामिल नहीं की गई है.
उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक मामलों के मंत्री पी.सी. विष्णुनाध ने कहा कि केरल राज्य चलचित्र अकादमी इन फिल्मों को दिखाने की अनुमति हासिल करने के लिए कानूनी उपायों समेत सभी संभव प्रयास कर रही है. अकादमी ने जारी स्क्रीनिंग शेड्यूल से 31 फिल्मों को हटा दिया है और अनुमति मिलने पर कार्यक्रम को अपडेट करने की योजना बनाई है.
मंत्री के अनुसार, महोत्सव की चयन समिति ने 1,800 प्रविष्टियों में से कुल 347 डॉक्यूमेंट्री और शॉर्ट फिल्में चुनी थीं. सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इनमें से 40 फिल्मों के विस्तृत सारांश मांगे थे, जिनमें से 31 फिल्में अब तक लंबित हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कुछ फिल्मों को मंजूरी के लिए रक्षा मंत्रालय और कुछ को विदेश मंत्रालय भेजा गया है.
विष्णुनाध ने यह भी कहा कि चलचित्र अकादमी के नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा महोत्सव के समापन से पहले की जाएगी. उन्होंने मलयालम सिनेमा को उद्योग का दर्जा देने की दिशा में कदम आगे बढ़ने की जानकारी दी. उनके मुताबिक, राज्य सरकार फिल्म क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए निर्णायक कदम उठाने और युवा डॉक्यूमेंट्री फिल्मकारों के लिए अकादमिक संस्थानों तथा फिल्म सोसायटी को साथ लाकर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रही है.
फिल्मकार अडूर गोपालकृष्णन ने उद्घाटन समारोह में कहा कि यह महोत्सव गंभीर सिनेमा को देखने और उस पर चर्चा करने के लिए नए फिल्मकारों को महत्वपूर्ण मंच देता है. उन्होंने कहा कि केरल देश का एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां डॉक्यूमेंट्री और शॉर्ट फिल्मों के लिए सरकार द्वारा संचालित महोत्सव आयोजित किया जाता है.
उद्घाटन के बाद मेहरदाद ओस्कुई की फिल्म “A Fox Under a Pink Moon” दिखाई गई. फिल्म 16 वर्षीय अफगान कलाकार सोराया के संघर्ष पर केंद्रित है, जो पांच वर्षों से ईरान से निकलकर ऑस्ट्रिया जाने की कोशिश कर रही है.
महोत्सव के दूसरे दिन प्रतियोगिता वर्ग की स्क्रीनिंग शुरू होगी. इसमें शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री, शॉर्ट फिक्शन और लॉन्ग डॉक्यूमेंट्री श्रेणियों की फिल्में शामिल हैं.
